Maharajganj Times

Maharajganj News :- पैदल आई दुल्हन, सिर पर सामान लेकर लौटे बाराती: बॉर्डर की सख्ती ने रचाई अनोखी विदाई

Maharajganj
Thursday, 29 May, 2025
0
1853

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- साधारण सी शादी, लेकिन कहानी कुछ खास। नेपाल की दुल्हन और भारत के दूल्हे की यह शादी अब चर्चा में है—कारण है भारत-नेपाल बॉर्डर की सख्ती, जिसने बारात को आम के बजाय कुछ 'अलहदा' बना दिया। जिले के मिश्रवलिया निवासी विजयमल गौतम की बारात 27 मई को नेपाल के नवलपरासी जिले के सुस्ता नंबर पांच महलबारी गई थी। लेकिन बॉर्डर पर चल रही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और संदिग्ध गतिविधियों के चलते सुरक्षा एजेंसियों ने गाड़ी को सीमा पार करने से रोक दिया। मजबूरन दूल्हा और बाराती पैदल नेपाल पहुंचे। शादी के बाद विदाई की घड़ी आई तो समस्या और भी बढ़ गई। दूल्हन कंचना गौतम को पैदल भारतीय सीमा तक लाया गया। वहां से वाहन की व्यवस्था कर दूल्हा-दुल्हन को घर पहुंचाया गया। वहीं विदाई में मिले उपहारों को बारातियों ने खुद सिर पर लादकर सीमा पार कराया। दुल्हन के पिता रामप्रसाद ने बताया कि सीमा पर सख्ती के कारण दोनों ओर वाहनों की अलग व्यवस्था करनी पड़ी, जिससे शादी का खर्च भी काफी बढ़ गया। अब सीमावर्ती ग्रामीण प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि शादी-विवाह जैसे सामाजिक कार्यों में थोड़ी राहत दी जाए। यह शादी सिर्फ एक पारिवारिक समारोह नहीं रही, बल्कि दो देशों के रिश्तों, परंपराओं और आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच सामंजस्य की अनोखी मिसाल बन गई।